Meta:मेटा क्या नहीं है
Appearance
| यह पृष्ठ मेटा-विकि के एक दिशानिर्देश का हिन्दी भाषा में अनुवाद है। यह सामान्यतः स्वीकृत एक मानक है जिसका सदस्यों को पालन करना चाहिए, मगर ऐसा करने में व्यावहारिक बुद्धि का उपयोग किया जाना चाहिए और कभी-कभार इसके अपवाद हो सकते हैं। कृपया ध्यान दें कि इस दिशानिर्देश के मूल अंग्रेज़ी संस्करण और अनुवाद के बीच अर्थ या व्याख्या में कोई अंतर होने की स्थिति में मूल अंग्रेज़ी संस्करण को प्राथमिकता दी जाती है। |
- नीति के लिए Meta:समावेशन नीति देखें।
मेटा-विकि विकिमीडिया संस्थान के लिए एक सहयोग, चर्चा और समन्वयन का एक केंद्रीय विकि है। इस पृष्ठ पर यह स्पष्ट किया गया है कि मेटा पर किस प्रकार के पृष्ठ स्वीकार्य और अस्वीकार्य हैं।
मेटा-विकि विकिमीडिया के बारे में एक विकि है, इसलिए ऐसी कुछ चीज़ें हैं जो कि मेटा नहीं है।
मेटा क्या नहीं है
- मेटा कोई ज्ञानकोश नहीं है, और यह ज्ञानकोशीय जानकारी इकट्ठा नहीं करता है; यह कई विकि परियोजनाओं के बारे में है (जिनमें से एक ज्ञानकोश है)।
- मेटा तटस्थ दृष्टिकोण से लिखित नहीं है। यह समग्र विकिमीडिया समुदाय से संबंधित है, और इसमें अक्सर विशिष्ट सदस्यों की रायें शामिल होती हैं।
- मेटा पूरी तरह से औपचारिक नहीं है, और इसके कई पृष्ठ हास्य उद्देश्य से बनाए गए हैं।
- मेटा कोई कड़ी भंडार नहीं है।
- मेटा कोई "दर्पण" नहीं है — मेटा पर जोड़ी गई सामग्री CC-BY-SA 4.0 लाइसेंस के अनुकूल किसी लाइसेंस के अंतर्गत प्रकाशित होनी चाहिए, यह जानते हुए कि सामग्री को बेरहमी से सम्पादित किया जा सकता है।
- मेटा कोई निःशुल्क विकि होस्ट नहीं है। आप मेटा पर अपनी वेबसाइट या ब्लॉग होस्ट नहीं कर सकते। हालाँकि, मीडियाविकि का उपयोग करने वाली नई परियोजनाओं की चर्चा यहाँ पर प्रोत्साहित है, और आपको अपने सर्वरों पर विकि सॉफ़्टवेयर स्थापित करने में सहायता मिल सकती है।
- मेटा अराजकता की कोई परीक्षा नहीं है।
- मेटा कोई वैनिटी प्रेस नहीं है। हालाँकि, विकिमीडिया परियोजनाओं के बारे में प्रासंगिक निबंधों का यहाँ पर स्वागत है।
- मेटा कोई बड़ा ट्रक नहीं है। यह कोई ऐसी जगह नहीं जहाँ पर आप कुछ भी फेंक दें।
- मेटा कोई रणभूमि नहीं है। आप अपनी राय दे सकते हैं, मगर ऐसे लोगों को धमकाएँ या डराएँ न जिनके साथ आपकी असहमति हो। इसकी जगह समझदारी से बातचीत करें और विषय पर भद्रता से चर्चा करें। विवाद समाधान की प्रक्रिया देखें।
- मेटा अन्य सदस्यों के विरुद्ध लगातार हमलों के लिए कोई फ़ोरम नहीं है। कृपया अन्य सदस्यों के पिछले कुकर्म यहाँ पर रिपोर्ट न करें। याद रखें कि सम्पादन इतिहास निष्पक्षता से सभी सदस्यों के व्यवहार को प्रकट करते हैं — आपके भी।
- मेटा कोई भंडारण कक्ष नहीं है जहाँ पर आप कुछ भी लाकर रख सकते हैं। सामग्री का समावेशन हमारी समावेशन नीति द्वारा शासित है। अगर कोई चीज़ किसी एक विकि पर समावेशित न हो तो इसका यह मतलब नहीं कि वह अपने आप मेटा पर लाकर रखा जा सकता है क्योंकि "यह तो मेटा है"।
- मेटा कोई अपील अदालत नहीं है। अगर समुदाय स्पष्ट सर्वसम्मति के साथ कोई निर्णय लेता है तो यहाँ पर आकर उस निर्णय को रद्द करने का प्रयास न करें।
- मेटा पर विवाद समाधान के लिए कई प्रक्रियाएँ होस्ट की जाती हैं: अन्य विकिमीडिया परियोजनाओं पर न सुलझी समस्याओं के लिए टिप्पणियों के अनुरोध, और आचरण से संबंधित विशिष्ट विवादों के लिए सार्वभौमिक आचार संहिता की मुकदमा कार्यविधि।
जैसे-जैसे हम विकिमीडिया संस्थान के बारे में न लिखने के नए और दिलचस्प तौर-तरीके खोज निकालते हैं, इस सूची में नई प्रविष्टियाँ जोड़ते जाएँ। नए विकल्प जोड़ते समय कृपया यथासंभव स्पष्ट रहें और समकक्ष मगर अनुमत विषयों के प्रति-उदाहरण प्रदान करें।
मेटा की प्रविष्टियाँ क्या होती हैं
- विकिमीडिया परियोजनाओं और मीडियाविकि सॉफ़्टवेयर से संबंधित चर्चा का केंद्र (कुछ वर्तमान चर्चाएँ देखें)।
- प्रलेखन। मेटा का उद्देश्य है अन्य विकि परियोजनाओं में योगदान और सहयोग करने में सदस्यों की मदद करना।
- विकिमीडिया परियोजनाओं का बहुभाषी सहयोग।
- प्रासंगिक निबंध या हिमायत (कुछ निबंध देखें)।
- विकि परियोजनाओं के विकास से संबंधित प्राथमिक शोध।